लखनऊ : अखिलेश, मायावती ने लखनऊ कोर्ट में हत्याकांड पर भाजपा सरकार को घेरा

पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने कल लखनऊ कोर्ट में हुए गैंगस्टर संजीव जीवा की हत्या पर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।वहीँ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा की कानून व्यवस्था ध्वस्त है।

लखनऊ : अखिलेश, मायावती ने लखनऊ कोर्ट में हत्याकांड पर भाजपा सरकार को घेरा
लखनऊ : अखिलेश, मायावती ने लखनऊ कोर्ट में हत्याकांड पर भाजपा सरकार को घेरा

पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने कल लखनऊ कोर्ट में हुए गैंगस्टर संजीव जीवा की हत्या पर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। बसपा सुप्रीमो ने ट्वीट करते हुए कहा की लखनऊ कोर्ट परिसर में सनसनीखेज गोलीकांड हुआ है। खुलेआम हुई हत्या यूपी में कानून व्यवस्था व अपराध नियंत्रण के मामले में सरकार के लिए बड़ी चुनौती है। ऐसी घटनाओं से आम जनता में काफी दहशत है। सरकार सख्त कदम उठाए, बसपा की यही मांग है।

वहीँ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा की कानून व्यवस्था ध्वस्त है। ऐसा लगता है कि भाजपा सरकार ने अपराधियों को खुली छूट दे रखी है। जो चाहे, जिसे चाहे, जहां मार दे। पुलिस हिरासत में हत्याएं हो रही हैं। कचहरी, थाने, कोर्ट में हत्याएं हो रही है। प्रदेश में लोग कहीं भी सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा कि सवाल यह नहीं है कि कौन मारा गया बल्कि अहम सवाल यह है कि कहां मारा गया। सपा प्रमुख ने तंज कसते हुए कहा की यह भी संभव है कि वे हत्यारोपी के संबंध में सपा से जोड़ दें, लेकिन उनकी हर कारगुजारी जनता समझती है। प्रदेश में बेटियां, महिलाएं सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं। लखनऊ, नोएडा, कानपुर में हर दिन दुष्कर्म और अन्य अपराधिक घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने सवाल किया कि आखिर भाजपा सरकार उत्तर प्रदेश में कार्यवाहक डीजीपी क्यों बना रही है? एक बार नहीं बल्कि तीन बार से कार्यवाहक डीजीपी बन रहे हैं।

संजीव जीवा हत्याकांड पर बात करते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने कहा कि अपराध पर जीरो टॉलरेंस का दावा करने वाली प्रदेश सरकार अपराध नियंत्रण में पूरी तरह विफल साबित हुई है। राजधानी के कोर्ट परिसर में कुख्यात अपराधी संजीव जीवा की पुलिस कस्टडी में गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली कांड में एक बच्ची और सिपाही भी घायल हुआ। इससे साफ हो गया है कि सरकार अपराध और अपराधियों पर नियंत्रण नहीं कर पा रही है।